टेमनी सड़क हादसे पर राजनीतिक दलों ने जताया शोक, घायलों के बेहतर उपचार की मांग
छिंदवाड़ा। बैतूल-छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर टेमनी ग्राम के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में मजदूरों की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना पर जिले के राजनीतिक नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ ने दुर्घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि हादसे में कई मजदूरों की असमय मृत्यु और बड़ी संख्या में लोगों का घायल होना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
कमलनाथ ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। वहीं नकुलनाथ ने गंभीर घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता बताई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने भी कांग्रेस परिवार की ओर से हादसे पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान पांढुर्ना विधायक निलेश उइके सहित कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इधर, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने जिला अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से चर्चा कर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शेषराव यादव ने कहा कि भाजपा संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने अस्पताल में भर्ती घायलों एवं उनके परिजनों को ढांढस बंधाया तथा गंभीर घायलों के उपचार पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने इसी दौरान स्कूल वैन दुर्घटना में घायल बच्चों से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
शेषराव यादव ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि टेमनी ग्राम के समीप हुए इस भीषण सड़क हादसे में कई मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा राहत एवं उपचार कार्य जारी है।








