मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन
छिन्दवाड़ा। मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव से जुड़े एक विवाद को लेकर युवक कांग्रेस ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया तथा प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और पुनर्विचार की मांग की।
युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की अधिकृत राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े हुए हैं। संगठन ने इस निर्णय के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए मामले में निष्पक्ष सुनवाई का अवसर दिए जाने की मांग की।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। मौके पर पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। प्रदर्शन के बाद युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष गोलू पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी राज्यसभा चुनाव से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच चाहती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है तथा संबंधित पक्षों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रम में युवक कांग्रेस के प्रभारी एकलव्य अहाके, जिला उपाध्यक्ष मोहित रघुवंशी, विधानसभा अध्यक्ष विशेष पटेल, रजनीश मोहने, सौरभ ठाकुर, सुबोध पटेल, स्वामी पटेल, रिंकू पटेल, उत्कर्ष वाल्मिक, भूपेन्द्र पटेल, जगदम्बा वर्मा, सचिन वर्मा, विवेक पटेल, अंकित मांगरोले, किरण कुड़ापे, मोनी पटेल, मिलिंद घोघरे, रिंकू कहार, रजत पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नोट: युवक कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप संगठन के हैं। मामले में निर्वाचन आयोग अथवा अन्य संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








