Home CITY NEWS सांसद बंटी विवेक साहू ने विधायक सुनील उइके समेत अन्य नेताओं को...

सांसद बंटी विवेक साहू ने विधायक सुनील उइके समेत अन्य नेताओं को भेजा मानहानि नोटिस

सांसद बंटी विवेक साहू ने विधायक सुनील उइके समेत अन्य नेताओं को भेजा मानहानि नोटिस
छिंदवाड़ा। चारगांव प्रहलाद में हुई घटना को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच सांसद बंटी विवेक साहू ने जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके, कांग्रेस, गोंडवाना तथा अन्य राजनीतिक दलों के कुछ नेताओं को मानहानि का नोटिस भेजे जाने की जानकारी दी है।
सांसद बंटी विवेक साहू की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उनके विरुद्ध कथित रूप से झूठे, भ्रामक एवं दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाकर उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद के अनुसार, इस संबंध में उनके अधिवक्ता द्वारा संबंधित व्यक्तियों को कानूनी नोटिस जारी किए गए हैं।
नोटिस में कथित रूप से आरोप लगाने वालों से एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया है। सांसद पक्ष का कहना है कि निर्धारित अवधि में माफी नहीं मांगने की स्थिति में आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
सांसद बंटी विवेक साहू ने अपने बयान में कहा कि वे छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना संसदीय क्षेत्र की जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से उनके विरुद्ध दुष्प्रचार कर रहे हैं, जबकि क्षेत्र की जनता उनके कार्यों और जनसेवा से परिचित है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या संगठन जानबूझकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से झूठी एवं अपमानजनक बातें प्रसारित करता है, तो उसके विरुद्ध लोकतांत्रिक एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
(नोट : विधायक सुनील उइके, कांग्रेस, गोंडवाना अथवा अन्य संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी। प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)