शहपुरा में महिला से चैन झपटने वाला आरोपी गिरफ्तार, सोने की चैन व स्कूटी बरामद
चांद/छिंदवाड़ा, छिंदवाड़ा जिले के थाना चांद पुलिस ने ग्राम शहपुरा के पास हुई चैन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चैन तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जून को प्रगति नामक महिला ने थाना चांद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी बच्ची के साथ स्कूटी से छिंदवाड़ा से चांद आ रही थी। इसी दौरान शहपुरा के पास पुलिया के निकट एक बिना नंबर की स्कूटी पर सवार युवक ने उसकी स्कूटी के बराबर आकर गले से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की चैन और पेंडल झपट लिया तथा छिंदवाड़ा की ओर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक जांच-पड़ताल करते हुए राहगीरों, बस चालकों और अन्य लोगों से पूछताछ की। तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान हरिओम नरवरे (26) निवासी भांडखापा, हाल निवासी कुसमेली टेकड़ी, छिंदवाड़ा के रूप में हुई।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की चैन एवं घटना में प्रयुक्त नीले रंग की स्कूटी जब्त कर ली। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।








