पांढुर्णा पंचायत दिशा समाचार-आंगनवाड़ी के पोषण आहार में निकला सांप का बच्चा, मचा हड़कंप
गर्भवती महिला को मिला था लड्डू का पैकेट, जांच में जुटा प्रशासन
पांढुरना। जिले के कारघाट कामठी गांव में आंगनवाड़ी केंद्र से वितरित किए गए पोषण आहार को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शनिवार को एक गर्भवती महिला को दिए गए लड्डू के पैकेट में सांप का मृत बच्चा मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई और प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार कारघाट कामठी निवासी गर्भवती महिला वच्छला बाई धुर्वे को आंगनवाड़ी केंद्र से पोषण आहार के तहत लड्डू का पैकेट प्रदान किया गया था। जब परिवार के सदस्यों ने घर पहुंचकर पैकेट खोला तो उसमें सांप की प्रजाति का एक मृत बच्चा दिखाई दिया। राहत की बात यह रही कि महिला ने लड्डू का सेवन नहीं किया था, जिससे किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी अनहोनी नहीं हुई।
मामले की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, नंदनवाड़ी पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। परियोजना अधिकारी उषा पंदरे, नायब तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पैकेट को अपने कब्जे में लिया तथा पंचनामा तैयार किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पोषण आहार का नमूना सुरक्षित रख लिया गया है। यह जांच की जा रही है कि मृत जीव पैकेट में उत्पादन, पैकिंग, परिवहन या वितरण के किस चरण में पहुंचा। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पोषण आहार की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को वितरित किए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।








