शिकायतों के बाद जागा खनिज विभाग, तामिया और पेंच नदी में कार्रवाई… लेकिन कब तक?
छिन्दवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)जिले के तामिया और पेंच नदी क्षेत्र में लंबे समय से जारी अवैध रेत उत्खनन पर आखिरकार खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 5 ट्रैक्टर जप्त किए हैं। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई सिर्फ दिखावे तक सीमित रहेगी, या फिर विभाग अवैध खनन माफियाओं पर लगातार शिकंजा कस पाएगा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में महीनों से खुलेआम अवैध रेत उत्खनन चल रहा था। लगातार शिकायतों और खबरों के बाद भी खनिज विभाग लंबे समय तक मौन बना रहा। अब जब मामला लगातार सुर्खियों में आया और प्रशासन पर सवाल उठने लगे, तब जाकर विभाग ने कार्रवाई की है।

पेंच नदी न्यूटन चिखली क्षेत्र से 2 ट्रैक्टर और तामिया क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर जप्त किए गए हैं। विभाग का कहना है कि प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, लेकिन क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इससे पहले भी कई बार कार्रवाई हुई, मगर कुछ दिनों बाद फिर वही अवैध उत्खनन शुरू हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन के कारण नदियों का अस्तित्व खतरे में पड़ रहा है। भारी मशीनों और ट्रैक्टरों से नदी घाटों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे पर्यावरण और भूजल स्तर पर भी असर पड़ रहा है। इसके बावजूद खनिज विभाग की कार्रवाई केवल कभी-कभार की औपचारिकता बनकर रह जाती है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अवैध खनन करने वालों को संरक्षण कौन दे रहा है? यदि प्रशासन लगातार निगरानी रखे तो क्या अवैध उत्खनन संभव है? क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज है कि बिना मिलीभगत के इतने बड़े स्तर पर अवैध खनन संभव नहीं हो सकता।
अब देखना यह होगा कि खनिज विभाग की यह कार्रवाई वास्तव में अवैध खनन पर रोक लगाएगी या फिर कुछ दिनों बाद विभाग फिर “मूकदर्शक” बन जाएगा और रेत माफिया दोबारा सक्रिय हो जाएंगे।








