समर्थन मूल्य गेहूं खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था, किसानों ने लगाए खुली लूट के आरोप..!
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार) जिले में समर्थन मूल्य पर संचालित गेहूं खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्रों पर नियमों की अनदेखी कर उनसे अवैध वसूली की जा रही है। ऐसा ही मामला चौरई तहसील अंतर्गत गोपालपुर सेवा सहकारी समिति से सामने आया है, जहां किसानों ने तुलाई के नाम पर पैसे लेने और निर्धारित मात्रा से अधिक गेहूं लेने के आरोप लगाए हैं।
बीझावाड़ा के किसान पहुंचे जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट
मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। किसानों ने बताया कि समिति द्वारा उनका गेहूं तो तौल लिया गया, लेकिन अब तक उन्हें तौल पर्ची एवं बिल नहीं दिए गए हैं। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र प्रभारी और समिति प्रबंधक यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि स्लॉट बुकिंग की तारीख निकल चुकी है, इसलिए अब बिल और तुलाई पर्ची जारी नहीं की जा सकती।
किसानों का कहना है कि यदि स्लॉट की समय-सीमा समाप्त हो चुकी थी तो फिर उनका गेहूं तौला ही क्यों गया। अब किसानों को यह कहकर गेहूं वापस ले जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है कि खरीदी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकती। इससे किसानों में भारी आक्रोश है।
गोपालपुर सेवा सहकारी समिति में गेहूं की तुलाई एवं बोरी सिलाई के नाम पर कथित वसूली का आरोप लगाते हुए बीझावाड़ा के किसान सुमन सिंह गहरवार एवं नीरज साहू ने बताया कि उनसे जबरन पैसे की मांग की गई। किसानों का कहना है कि पैसे नहीं देने पर उनकी तौल पर्ची नहीं काटी गई और न ही बिल बनाया गया। किसानों के अनुसार खरीदी केंद्र प्रबंधन द्वारा यह कह दिया गया कि उनकी स्लॉट बुकिंग की तारीख निकल चुकी है, इसलिए अब तौल पर्ची जारी नहीं की जा सकती और वे अपना गेहूं वापस ले जाएं।

पीड़ित किसानों ने प्रशासन से की निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा जिन किसानों का गेहूं तौला जा चुका है, उनकी खरीदी प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि किसानों से प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








