Home AGRICULTURE मंडियों में समर्थन मूल्य से कम खरीदी पर रोक लगे – किसान...

मंडियों में समर्थन मूल्य से कम खरीदी पर रोक लगे – किसान कांग्रेस

मंडियों में समर्थन मूल्य से कम खरीदी पर रोक लगे – किसान कांग्रेस
गेहूं, चना और मसूर उत्पादक किसान परेशान, कई केंद्रों पर खरीदी ठप
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)।
जिले में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। जिला किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह ने बयान जारी कर कहा है कि कृषि उपज मंडियों में किसानों की फसल की खरीदी समर्थन मूल्य से कम पर नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि उपज मंडी अधिनियम में यह प्रावधान है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसके बावजूद जिले में गेहूं, मक्का, चना और मसूर उत्पादक किसानों को मजबूरी में अपनी फसल कम दामों पर बेचनी पड़ रही है, जिससे उनकी लागत भी नहीं निकल पा रही है।
चौधरी सिंह ने कहा कि मंडियों में फसलों की बोली समर्थन मूल्य से नीचे शुरू नहीं होनी चाहिए और इस नियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
खरीदी केंद्रों पर अव्यवस्था हावी
उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए बताया कि सरकार द्वारा गेहूं खरीदी की तारीख बार-बार बढ़ाने के बाद 15 अप्रैल तय की गई, लेकिन कई खरीदी केंद्रों पर बारदानों की कमी के कारण खरीदी शुरू ही नहीं हो सकी।
इसके अलावा चना और मसूर लेकर पहुंचे किसानों को भी यह कहकर वापस भेजा जा रहा है कि केंद्रों पर सर्वेयर उपलब्ध नहीं हैं, जिससे खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बारदानों और सर्वेयर की व्यवस्था कर खरीदी सुचारू रूप से शुरू की जाए, ताकि किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष के द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया है।