Home CITY NEWS गर्मी का कहर: पारा 40 के पार, 16 अप्रैल से और ‘तपेगा’...

गर्मी का कहर: पारा 40 के पार, 16 अप्रैल से और ‘तपेगा’ छिंदवाडा

गर्मी का कहर: पारा 40 के पार, 16 अप्रैल से और ‘तपेगा’ छिंदवाड़ा


स्कूल टाइम बदलने की मांग तेज, बच्चों की सेहत पर मंडराया खतरा
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)।
जिले में गर्मी ने अब अपने तेवर पूरी तरह दिखाने शुरू कर दिए हैं। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से लू (हीट वेव) का असर बढ़ने की चेतावनी जारी की है, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ना तय है।
तेज धूप, गर्म हवाएं और चुभन भरी गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है, जबकि बाजारों में भी भीड़ कम होने लगी है।
बच्चों पर सबसे ज्यादा असर, स्कूल टाइम पर उठे सवाल
गर्मी के इस बढ़ते प्रकोप के बीच सबसे ज्यादा चिंता स्कूली बच्चों को लेकर जताई जा रही है। जिले के कई स्कूल अभी भी दोपहर 2:30 बजे तक संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों को तेज धूप में आना-जाना पड़ रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि इस भीषण गर्मी में बच्चों के बीमार होने का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि अब स्कूलों का समय बदलने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
मांग उठ रही है कि सभी स्कूलों में दोपहर 12 बजे से पहले छुट्टी दी जाए, ताकि बच्चों को लू और तेज धूप से बचाया जा सके।
16 अप्रैल से और खतरनाक होगी स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान 41-43 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही लू के थपेड़े भी लोगों को झुलसाएंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौर स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद संवेदनशील है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।
लू से बचाव: ज़रा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी
दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें
हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें
बाहर निकलते समय सिर और चेहरा ढककर रखें
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
प्रशासन से बड़ी उम्मीद
बढ़ती गर्मी के बीच अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं। अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने जल्द से जल्द स्कूलों का समय बदलने का निर्णय लेने की मांग की है, ताकि बच्चों की सेहत के साथ कोई समझौता न हो।
अब सवाल ये है:
क्या प्रशासन समय रहते फैसला लेगा या बच्चों को यूं ही तपती धूप में झुलसना पड़ेगा?

पंचायत दिशा समाचार की खबर का असर: कलेक्टर ने बदला स्कूल टाइम
छिंदवाड़ा। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। स्थानीय समाचार पत्र “पंचायत दिशा समाचार” द्वारा प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे का असर अब साफ नजर आ रहा है।
कलेक्टर ने छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन करने के निर्देश जारी किए हैं। नए आदेश के अनुसार अब सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों का संचालन सुबह के समय किया जाएगा, ताकि बच्चों को दोपहर की तेज धूप और लू से बचाया जा सके।


प्रशासन का मानना है कि बढ़ती गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है।
अभिभावकों और शिक्षकों ने इस फैसले का स्वागत किया है और इसे बच्चों के हित में बताया है। वहीं, लोगों का कहना है कि मीडिया द्वारा जनहित के मुद्दों को उठाने से प्रशासन को त्वरित निर्णय लेने में मदद मिलती है।


(पंचायत दिशा समाचार – आपकी आवाज़, आपका हक)