तामिया जनपद पंचायत की बैठक में हंगामा, सदस्यों ने किया बहिष्कार
सीईओ के खिलाफ नारेबाजी, स्थानांतरण की उठी मांग
छिंदवाड़ा/तामिया (पंचायत दिशा समाचार)। जनपद पंचायत तामिया की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को उस समय विवादों में आ गई, जब विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। बैठक के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

बताया जा रहा है कि बैठक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी, विपक्षी कांग्रेस तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से जुड़े जनपद सदस्य एकजुट नजर आए और सामूहिक रूप से बैठक से बाहर निकल गए। इसे जनपद पंचायत तामिया के इतिहास में एक असामान्य स्थिति माना जा रहा है।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी
बैठक के दौरान कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर सदस्यों ने नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर संतोषजनक जवाब नहीं दिए गए, जिससे असंतोष की स्थिति बनी।
विकास कार्यों को लेकर उठे सवाल..!
सामान्य सभा में सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों में रंगाई-पुताई, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। कुछ सदस्यों ने यह भी कहा कि उप-स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
सीईओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग
जनपद पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि सदस्यों की भावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन को पत्र भेजकर संबंधित अधिकारी के स्थानांतरण की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आगे आंदोलन पर विचार किया जा सकता है।
प्रशासनिक पक्ष का इंतजार
इस संबंध में संबंधित अधिकारी का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया मिलने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।







