शासकीय संजय निकुंज नर्सरी में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण
छात्र-छात्राओं ने नर्सरी प्रबंधन व सूक्ष्म उद्योग की जानकारी प्राप्त की
छिन्दवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार )मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव, जिला छिंदवाड़ा के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण शासकीय संजय निकुंज नर्सरी, जुन्नारदेव में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारोन्मुखी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला समन्वयक श्री जैन ने कहा कि वर्तमान समय में छात्र केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के लिए भी उत्सुक रहते हैं। उन्होंने बताया कि जन अभियान परिषद द्वारा समय-समय पर ऐसे शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किए जाते हैं, जिससे छात्र प्रकृति के साथ जुड़कर व्यवहारिक अनुभव प्राप्त कर सकें। विकासखंड समन्वयक श्री बामने ने भ्रमण कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य एवं छात्रों के लिए इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री राकेश कुमार आरसे ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, प्रसंस्करण इकाई स्थापना, आवश्यक दस्तावेज, अनुदान एवं राज्य पोषित योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की।
उन्होंने एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH), राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY), पर ड्रॉप मोर क्रॉप (PDMC) योजना के अंतर्गत फल, सब्जी, मसाला, पुष्प एवं सुगंधित फसल विस्तार, संरक्षित खेती, जैविक खेती (वर्मीकम्पोस्ट यूनिट), बागवानी यंत्रीकरण, फसलोपरांत प्रबंधन तथा ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही जिले के कृषकों से MPFSTS पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्री जैन, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री राकेश कुमार आरसे, विकासखंड समन्वयक श्री बामने, सामाजिक कल्याण एवं विकास समिति खापास्वामी की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना माहोरे, दृष्टि विकास एवं कल्याण संस्था कन्हान वनग्राम के अध्यक्ष श्री बुनेश राजबैठे, पंख सामाजिक विकास संस्थान की अध्यक्ष श्रीमती निमांशी रामपुरे, परामर्शदाता श्रीमती सरजू विश्वकर्मा, श्री गोविंद नंदवंशी, श्रीमती योगिता मर्सकोले, श्रीमती दीपा मेश्राम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।






