Home SPORTS भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने जीता कांस्य..

भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने जीता कांस्य..

भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने जीता कांस्य..

By Admin
8 August2024
पंचायत दिशा समाचार

भारतीय टीम ने ओलंपिक में अपना 5वां ब्रॉन्ज मेडल जीता है।भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल के मैच में स्पेन को 2-1 से हराकर इतिहास रच दिया। तोक्यो ओलंपिक में भारत के हाथ ब्रॉन्ज मेडल ही आया था। इस तरह हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में भारत को चौथा मेडल दिलाया।

प्रधानमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज भारतीय हॉकी टीम को फ्रांस के पेरिस में जारी पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है।प्रधानमंत्री ने उनके कौशल, लगन और टीम भावना की प्रशंसा की। “यह एक ऐसी महान उपलब्धि है जिसे आने वाली पीढ़ियां संजो कर रखेंगी।भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक खेलों में अपनी चमक बिखेरी और कांस्य पदक जीतने में सफल रही। यह और भी विशिष्ट उपलब्धि है क्योंकि ओलंपिक खेलों में यह उनका लगातार दूसरा पदक है।उनकी सफलता उनके कौशल, लगन और टीम भावना की जीत है। उन्होंने असीम हिम्मत और लचीलापन प्रदर्शित किया। खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई।प्रत्येक भारतीय का हॉकी के साथ एक भावनात्मक लगाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी बधाई

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलम्पिक गेम्स में कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉकी टीम की सफलता पर आज सभी भारतवासी गर्व की अनुभूति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज टीम ने जो बेहतरीन प्रदर्शन किया है, वह भावी खिलाड़ियों को सर्वोच्च सफलता की प्रेरणा देगा। यह हमारे लिए और भी आनंद तथा गर्व की बात है कि मध्यप्रदेश के विवेक सागर भी इस विजयी टीम का हिस्सा हैं।

पंजाब सरकार ने किया इतनी रकम का ऐलान

पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के लिए पंजाब सरकार में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हर खिलाड़ी को 1-1 करोड़ देने का ऐलान किया है।