Home STATE सरकारी अस्पतालों के पानी पर उठे सवाल, निगम देगा नर्मदा कनेक्शन..

सरकारी अस्पतालों के पानी पर उठे सवाल, निगम देगा नर्मदा कनेक्शन..

सरकारी अस्पतालों के पानी पर उठे सवाल, निगम देगा नर्मदा कनेक्शन
पांच अस्पतालों के 15 पानी के सैंपलों की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद नगर निगम सक्रिय

इंदौर। भागीरथपुरा दूषित पानी मामले में मौतों के करीब आठ महीने बाद इंदौर के पांच प्रमुख सरकारी अस्पतालों के पानी के सैंपलों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार द्वारा जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिल रहे पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जाने के बाद निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने नर्मदा जल कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही है।

क्षितिज सिंघल, निगमायुक्त इंदौर


निगमायुक्त सिंघल ने कहा कि जांच के दौरान कुछ सरकारी अस्पतालों के बोरिंग के पानी के सैंपलों में समस्याएं सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि बोरवेल और वाटर कूलर के पानी से संबंधित विषय को लेकर संबंधित अस्पताल प्रबंधन से पहले ही संवाद किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि जिन सरकारी अस्पतालों में अभी तक नगर निगम का नर्मदा जल कनेक्शन नहीं है, वहां कनेक्शन देने के लिए निगम तैयार है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा आवेदन किए जाने के बाद नियमानुसार जल्द नर्मदा जल उपलब्ध कराया जाएगा।

बाइट : उमंग सिंगार, नेता प्रतिपक्ष


15 सैंपलों की रिपोर्ट का मुद्दा उठा
शुक्रवार को विधानसभा में भागीरथपुरा दूषित पानी मामले को लेकर हाईकोर्ट द्वारा निर्धारित एक सदस्यीय जांच आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने इंदौर के पांच सरकारी अस्पतालों के 15 पानी के सैंपलों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की। उन्होंने इन रिपोर्टों का हवाला देते हुए अस्पतालों में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
इसके बाद नगर निगम ने नर्मदा जल कनेक्शन से वंचित सरकारी अस्पतालों में कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही है। हालांकि, पानी के सैंपलों में पाई गई समस्याओं की प्रकृति और उनके स्वास्थ्य पर संभावित प्रभाव को लेकर संबंधित जांच रिपोर्ट के आधिकारिक निष्कर्ष महत्वपूर्ण होंगे।