गांधी जयंती पर सड़क पर उतरा छिंदवाड़ा जिला प्रशासन, सांसद से लेकर कलेक्टर तक ने थामी झाड़ू
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत जिलेभर में स्वच्छता गतिविधियां, उत्कृष्ट स्वच्छता कर्मियों का सम्मान
छिंदवाड़ा, 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिलेभर में ‘स्वच्छता ही सेवा—सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत स्वच्छता और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर स्वच्छता का संदेश दिया।

जिला प्रशासन एवं नगर निगम छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य स्वच्छता कार्यक्रम जिला अस्पताल के गेट नंबर-1, अनगढ़ हनुमान मंदिर के पास से शुरू हुआ। सांसद विवेक बंटी साहू, महापौर विक्रम अहके, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सड़क पर उतरकर सफाई की।

सांसद, महापौर, कलेक्टर और एसपी समेत अधिकारियों ने स्वच्छता कर्मियों की झाड़ू लेकर मुख्य सड़क की सफाई की। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया गया।

उत्कृष्ट स्वच्छता कर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया। वहीं उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भी लिया हिस्सा
स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के साथ नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जन अभियान परिषद, सामाजिक संगठनों, शुभम शिक्षा समिति, मॉडल फ्यूचर संस्था के प्रतिनिधियों सहित गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने सहभागिता की।
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत 2 से 10 अक्टूबर 2026 तक जिले में विभिन्न स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।








