बीएसी-सीएसी पदों पर काउंसलिंग 24 सितंबर को
वरिष्ठता सूची के आधार पर होगी प्रक्रिया, पात्र शिक्षक दोपहर 12 बजे तक दे सकेंगे सहमति
छिन्दवाड़ा। समग्र शिक्षा अभियान, जिला शिक्षा केन्द्र छिंदवाड़ा के अंतर्गत बीएसी एवं सीएसी के पदों पर सेवाएं लेने/प्रतिनियुक्ति के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 24 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र छिंदवाड़ा द्वारा जारी जानकारी के अनुसार काउंसलिंग स्थानीय डाईट छिंदवाड़ा में सुबह 11 बजे से होगी।
काउंसलिंग में राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा 24 जून 2026 के पत्र में निर्धारित अर्हताएं पूरी करने वाले उच्च श्रेणी शिक्षक एवं माध्यमिक शिक्षक शामिल हो सकेंगे। चयन प्रक्रिया वरिष्ठता सूची के आधार पर संपन्न की जाएगी।
जिला शिक्षा केन्द्र ने पात्र एवं इच्छुक शिक्षकों से निर्धारित तिथि एवं स्थल पर समय पर उपस्थित होने की अपील की है। काउंसलिंग में शामिल होने वाले पात्र प्रतिभागी दोपहर 12 बजे से पूर्व उपस्थित होकर अपनी सहमति दर्ज करा सकेंगे।








