आंधी-बारिश ने मक्का की फसल को किया चौपट, किसान ने मांगा मुआवजा
80 से 90 फीसदी फसल नुकसान का दावा, सर्वे के लिए तहसील कार्यालय में दिया आवेदन
मोहखेड़। चार दिन पहले क्षेत्र में हुई तेज बारिश और आंधी-तूफान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। ग्राम मुरमारी, पंचायत शिकारपुर में खेतों में खड़ी मक्का की फसल तेज हवाओं के कारण पूरी तरह आड़ी हो गई। किसान के अनुसार प्राकृतिक आपदा से उसकी करीब 80 से 90 प्रतिशत मक्का की फसल प्रभावित हुई है।
फसल के नुकसान के बाद किसान ने क्षति का सर्वे कराकर शासन से नियमानुसार राहत एवं मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में किसान ने तहसील कार्यालय मोहखेड़ में आवेदन प्रस्तुत किया। अधिकारियों के निर्देश के बाद संबंधित स्थान पर भी आवेदन सौंपा गया है।
सर्वे होने का इंतजार
किसान का कहना है कि खेत में खड़ी फसल के गिर जाने से उत्पादन बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में राजस्व विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर फसल क्षति का वास्तविक आकलन किया जाना जरूरी है। किसान ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नियमानुसार राहत राशि दिलाने की मांग की है।
फिलहाल किसान को अपने दिए गए आवेदन की रसीद मिलने का इंतजार है। अब देखना होगा कि प्रशासन द्वारा फसल नुकसान का सर्वे कब कराया जाता है और प्रभावित किसान को नियमानुसार राहत मिल पाती है या नहीं।








