कलेक्टर से मिलने की जिद में 4 घंटे धूप में बैठीं कन्या शिक्षा परिसर की छात्राएं
छात्रावास की समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं छात्राएं, अधिकारियों ने समझाइश देकर सुनी शिकायतें
उमरिया/पाली। कन्या शिक्षा परिसर पाली की छात्राएं सोमवार को छात्रावास एवं परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अपनी शिकायतें लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। छात्राएं कलेक्टर से सीधे मुलाकात करने की मांग पर अड़ी रहीं और करीब चार घंटे तक चिलचिलाती धूप में बैठी रहीं। छात्राओं का कहना था कि पूर्व में भी उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के सामने समस्याएं रखी थीं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम मीनाक्षी बंजारे, तहसीलदार नीलेश मरावी और थाना प्रभारी गोविंद सिंह धुर्वे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्राएं कलेक्टर से मुलाकात की मांग पर कायम रहीं। बाद में एसडीएम ने छात्राओं को बंद हॉल में बुलाकर उनकी समस्याएं सुनीं। चर्चा के बाद छात्राओं ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।
रीता पटेल बीईओ
पढ़ाई से लेकर लाइब्रेरी और खेल व्यवस्था तक उठे सवाल
छात्राओं ने शिकायत में कुछ शिक्षकों द्वारा ठीक से पढ़ाई नहीं कराने, पीटीआई द्वारा खेल गतिविधियां संचालित नहीं करने, खेल सामग्री उपलब्ध नहीं होने, लाइब्रेरी बंद रहने सहित अन्य समस्याएं बताईं। छात्राओं ने प्राचार्य को हटाने की मांग भी रखी।
एसडीएम मीनाक्षी बंजारे ने बताया कि छात्राओं ने पढ़ाई, लाइब्रेरी सहित कुछ अन्य समस्याएं बताई हैं। छात्राओं से चर्चा के आधार पर पढ़ाई की व्यवस्था को बेहतर कराने का प्रयास किया जाएगा।
मीनाक्षी बंजारे एसडीएम
चार बाइयों को हटाने के बाद भी सामने आई शिकायतें
बीईओ रीता पटेल के अनुसार, छात्राओं की शिकायत मिलने के बाद सहायक आयुक्त के निर्देश पर चार बाइयों को हटाया गया था। बाद में छात्राओं ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से बुलाकर फिर शिकायत की। छात्राओं के बयान लिए गए और रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए सहायक आयुक्त को भेजी गई है।
अब सवाल यह है कि छात्राओं द्वारा उठाई गई समस्याओं की विभागीय स्तर पर कितनी गंभीरता से जांच होती है और शिक्षा परिसर की व्यवस्थाओं में वास्तविक सुधार कब तक दिखाई देता है। छात्राओं की शिकायतों पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर अब निगाह रहेगी।








