Home CITY NEWS विद्युत ठेकेदार पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग, OBC महासभा ने CSP...

विद्युत ठेकेदार पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग, OBC महासभा ने CSP को सौंपा ज्ञापन

विद्युत ठेकेदार पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग, OBC महासभा ने CSP को सौंपा ज्ञापन

विद्युत कार्य के दौरान 22 वर्षीय युवक के घायल होने का मामला, इलाज में लाखों खर्च का दावा

छिंदवाड़ा। विद्युत कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए 22 वर्षीय युवक के इलाज का खर्च और उचित मुआवजा दिलाने तथा संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर ओबीसी महासभा छिंदवाड़ा ने पुलिस अधीक्षक के नाम सीएसपी को ज्ञापन सौंपा।

ओबीसी महासभा के जिला अध्यक्ष लोधी विपिन वर्मा ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि ग्राम सालीवाड़ा शारदा, तहसील अमरवाड़ा निवासी रवि वर्मा पिता पूनम वर्मा उम्र 22 वर्ष पिछले करीब छह माह से विद्युत कार्य में लेबर के रूप में कार्य कर रहा था। आरोप है कि 14 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे चौरई तहसील क्षेत्र में हरनभटा रोड के पास बिजली के खंभे पर कार्य करते समय रवि नीचे गिर गया। हादसे में उसकी रीढ़ की हड्डी सहित शरीर में गंभीर चोटें आईं।

अनुसुइया वर्मा, पीड़ित की मां

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि घटना के बाद संबंधित विद्युत ठेकेदार द्वारा घायल युवक के इलाज की जिम्मेदारी नहीं ली गई। परिजनों के अनुसार रवि का इलाज लगातार जारी है और अब तक इलाज में लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आगे के उपचार का खर्च जुटाना भी मुश्किल हो रहा है।

लोधी विपिन वर्मा, जिला अध्यक्ष, ओबीसी महासभा

थाने में शिकायत के बावजूद एफआईआर नहीं होने का आरोप

ओबीसी महासभा का कहना है कि मामले को लेकर चौरई थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन अभी तक संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। महासभा ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पीड़ित को इलाज का खर्च एवं उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो ओबीसी महासभा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

महासभा ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र जांच और कार्रवाई की मांग की है। संबंधित ठेकेदार का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।