पत्रकारों के हक की आवाज को मिलेगा नया नेतृत्व, 27 सितंबर को प्रेस एसोसिएशन का चुनाव
अध्यक्ष समेत पांच पदों पर होगा सीधा निर्वाचन, 25 सितंबर को मतदाता सूची और 26 को नामांकन की प्रक्रिया
रिपोर्ट/ रामकुमार राजपूत
छिन्दवाड़ा। पत्रकारों के हित, अधिकार और सम्मान की आवाज को मजबूत करने वाले छिन्दवाड़ा प्रेस एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन का बिगुल बज गया है। एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए 27 सितंबर 2026 को निर्वाचन कराया जाएगा। चुनाव को लेकर सोमवार को इंडियन कॉफी हाउस में आयोजित बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम और पूरी प्रक्रिया सर्वसम्मति से तय की गई।

बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और सहसचिव सहित कुल पांच पदों के लिए चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। चुनाव की घोषणा के साथ ही पत्रकारों के बीच नई कार्यकारिणी को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
24 सितंबर तक सदस्यता नवीनीकरण
निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक सदस्यों के लिए 24 सितंबर 2026 तक सदस्यता नवीनीकरण की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इसके बाद 25 सितंबर को पात्र सदस्यों की मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। खास बात यह है कि निर्वाचन में फोटो एवं वीडियो पत्रकारों को भी मतदान का अधिकार रहेगा। इसके लिए संबंधित पत्रकार को अपनी संस्था का नियुक्ति पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

26 सितंबर को नामांकन, 27 को मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 सितंबर को दोपहर 2 बजे तक चुनाव लड़ने के इच्छुक सदस्य निर्धारित 1000 रुपये शुल्क जमा कर नामांकन फार्म प्रस्तुत कर सकेंगे। इसी दिन शाम 5 बजे तक नामांकन वापस लेने का अवसर रहेगा।
इसके अगले दिन 27 सितंबर, रविवार को दोपहर 12 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित कर नई कार्यकारिणी के निर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की जाएगी।
निष्पक्ष चुनाव की जिम्मेदारी दो चुनाव अधिकारियों पर
निर्वाचन को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी श्री गोविंद चौरसिया एवं श्री अशोक चौकसे को चुनाव अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। बैठक में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
प्रेस एसोसिएशन का यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है, जब पत्रकारों के सामने संगठनात्मक एकजुटता, पत्रकार हितों की पैरवी और पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मजबूती से उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में नई कार्यकारिणी को लेकर पत्रकारों में उत्सुकता बनी हुई है।








