दो-दो साल से टीसी कनेक्शन, मनमाने बिजली बिल से परेशान उपभोक्ता
स्थायी कनेक्शन में तब्दील नहीं होने से वार्डवासियों की बढ़ी परेशानी, सांसद बंटी विवेक साहू ने बिजली अधिकारियों को दिए कैंप लगाने के निर्देश
छिंदवाड़ा। शहर के विभिन्न वार्डों में टीसी (टेम्परेरी कनेक्शन) के नाम पर बिजली उपभोक्ताओं की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। वार्डवासियों का आरोप है कि लंबे समय से घरों में टीसी कनेक्शन लगे होने के बावजूद उन्हें स्थायी विद्युत कनेक्शन में परिवर्तित नहीं किया जा रहा है। इसके चलते उपभोक्ताओं को बिजली बिलों के साथ-साथ शासकीय योजनाओं और सब्सिडी का लाभ लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी समस्या को लेकर शहर के विभिन्न वार्डों के रहवासी सांसद बंटी विवेक साहू से मिले और अपनी समस्याएं रखीं। वार्डवासियों ने बताया कि कई उपभोक्ता लंबे समय से टीसी कनेक्शन पर हैं और स्थायी कनेक्शन के लिए बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बिलों को लेकर भी शिकायतें सांसद के समक्ष रखीं।

मौके पर बुलाए बिजली अधिकारी
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाया। अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक लेकर सांसद ने टीसी कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि छिंदवाड़ा शहर के विभिन्न वार्डों के साथ ही जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में टीसी कनेक्शन वाले उपभोक्ता हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को स्थायी कनेक्शन में बदलने की प्रक्रिया, नियम और आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
वार्डों में लगेंगे कैंप
सांसद ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के वार्डों और जिले के अन्य क्षेत्रों में कैंप आयोजित किए जाएं। इन कैंपों के माध्यम से टीसी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं की समस्याएं मौके पर सुनी जाएं और नियमानुसार उनके कनेक्शन स्थायी करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
वार्डवासियों का कहना है कि यदि बिजली विभाग द्वारा कैंप लगाकर समस्याओं का निराकरण किया जाता है तो लंबे समय से कार्यालयों के चक्कर काट रहे उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है। अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग के अधिकारी सांसद के निर्देशों के बाद टीसी कनेक्शनों के स्थायीकरण और बिल संबंधी शिकायतों पर कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं।








