Home CITY NEWS सागर शराब कांड को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ करने जा रहीं गुलाबी गैंग...

सागर शराब कांड को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ करने जा रहीं गुलाबी गैंग कमांडर हाउस अरेस्ट

सागर शराब कांड को लेकर सद्बुद्धि यज्ञ करने जा रहीं गुलाबी गैंग कमांडर हाउस अरेस्ट

पूर्णिमा वर्मा के घर के बाहर पुलिस बल तैनात, फव्वारा चौक पर प्रस्तावित था प्रदर्शन

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के सागर जिले में कथित शराब कांड में हुई मौतों को लेकर विरोध दर्ज कराने और सद्बुद्धि यज्ञ करने जा रहीं मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा को पुलिस ने उनके ही निवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया। उनके घर के बाहर तथा सड़क के दोनों ओर पुलिस बल तैनात किया गया।

बताया गया कि गुलाबी गैंग की ओर से फव्वारा चौक पर प्रदर्शन के साथ सद्बुद्धि यज्ञ का कार्यक्रम प्रस्तावित था। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकलने से पहले ही पुलिस ने पूर्णिमा वर्मा को घर से बाहर निकलने से रोक दिया।

मीडिया से चर्चा में पूर्णिमा वर्मा ने कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से सद्बुद्धि यज्ञ में शामिल होने जा रही थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाना जरूरी है और इसी मुद्दे को लेकर वह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहती थीं।

अवैध शराब के कारोबार पर उठाए सवाल

पूर्णिमा वर्मा ने आरोप लगाया कि जिले में कई स्थानों पर अवैध शराब की फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन का इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें छिंदवाड़ा के परिवारों की चिंता है और नशे के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।

उनका कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को लेकर प्रशासन से चर्चा भी की गई थी, इसके बावजूद सुबह से ही पुलिस ने उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया।

‘आखिर मेरा गुनाह क्या है?’

हाउस अरेस्ट किए जाने पर सवाल उठाते हुए पूर्णिमा वर्मा ने कहा कि यदि कार्यक्रम शांतिपूर्ण था तो उन्हें घर से बाहर निकलने से क्यों रोका गया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर उनका ऐसा क्या गुनाह है, जिसके चलते उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है।

बाइट: पूर्णिमा वर्मा, कमांडर, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ गुलाबी गैंग

नोट: अवैध शराब के कारोबार से जुड़े आरोप पूर्णिमा वर्मा द्वारा लगाए गए हैं। संबंधित प्रशासन/पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।