Home CITY NEWS कलेक्टर के आदेश का होगा पालन, मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई...

कलेक्टर के आदेश का होगा पालन, मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश…

कलेक्टर के आदेश का होगा पालन, मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
बीईओ, बीआरसी सहित सभी अधिकारियों को मुख्यालय में निवास सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यालय में निवास नहीं करने वालों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई, व्यवस्था होने तक वेतन रोकने के निर्देश
छिंदवाड़ा। जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुख्यालय में निवास को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ने बैठक के दौरान बीईओ, बीआरसी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के मुख्यालय में निवास की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास करें और वहीं से विभागीय दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों का मुख्यालय में रहना प्रशासनिक व्यवस्था और विभागीय कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए आवश्यक है। ऐसे अधिकारी जो अपने निर्धारित मुख्यालय में निवास नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब जिला मुख्यालय से आना-जाना पड़ेगा भारी?
कलेक्टर के इन निर्देशों के बाद उन अधिकारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं जो अपने कार्यक्षेत्र के मुख्यालय में रहने के बजाय जिला मुख्यालय से आवागमन करते हैं। खासतौर पर सीईओ और बीआरसी सहित अन्य अधिकारियों के मुख्यालय में वास्तविक निवास की स्थिति पर अब निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों द्वारा मुख्यालय में निवास नहीं किया जा रहा है, उनके लिए मुख्यालय में निवास की व्यवस्था होने तक वेतन रोकने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
आदेश के बाद बढ़ेगी जवाबदेही
कलेक्टर के सख्त निर्देशों के बाद अब संबंधित विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय होना तय माना जा रहा है। सवाल यह भी है कि जिन अधिकारियों का पदस्थापना मुख्यालय अलग-अलग विकासखंडों में है, क्या वे वास्तव में वहीं निवास कर रहे हैं? यदि नहीं, तो जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन किस स्तर तक सुनिश्चित किया जाएगा, यह देखने वाली बात होगी।
अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि कलेक्टर के आदेश के बाद मुख्यालय में निवास नहीं करने वाले अधिकारियों पर वास्तव में कार्रवाई होती है या नहीं।