जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव सख्त, बोले—दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई, फांसी तक का प्रावधान
बंडा कांड के बाद सागर पहुंचे मुख्यमंत्री, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीड़ितों से की मुलाकात; अधिकारियों को दिए फ्री हैंड कार्रवाई के निर्देश
सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को सागर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घटना में प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घटना को बेहद गंभीर और कष्टकारी बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के लिए फ्री हैंड देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाए। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रदेश में सख्त कानूनी प्रावधान हैं। संबंधित धाराओं के तहत हत्या से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक की सजा का प्रावधान है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध गतिविधियों का नेटवर्क भी निशाने पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्रवाई केवल घटना के प्रत्यक्ष जिम्मेदार लोगों तक सीमित नहीं रहेगी। जहां भी अवैध गतिविधियों अथवा अतिक्रमण के माध्यम से किसी ने अपना प्रभाव या अवैध साम्राज्य खड़ा किया है, वहां भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीमावर्ती राज्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रदेश में नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी तरीके से चलाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना सरकार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।
पीड़ित परिवारों के साथ सरकार खड़ी : CM
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जिन परिवारों ने इस घटना में अपने परिजनों को खोया है, उनके लिए यह बेहद पीड़ादायक स्थिति है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और मामले में ऐसी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे भविष्य में इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देने की किसी की हिम्मत न हो।
मुख्यमंत्री ने शराब कांड को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि ऐसे दुखद एवं संवेदनशील अवसर पर सभी को राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ितों और प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए।








