सागर (बंडा )की घटना पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का बयान
कथित रिश्तेदारी के दावे को बताया निराधार, बोले- निष्पक्ष जांच हो, दोषी कोई भी हो कार्रवाई जरूरी
रिपोर्ट- रामकुमार राजपूत
सागर। बंडा विधानसभा क्षेत्र में हुई दुखद घटना को लेकर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
मंत्री राजपूत ने घटना को लेकर सोशल मीडिया और कुछ मीडिया माध्यमों में उनके परिवार से एक व्यक्ति की कथित रिश्तेदारी को लेकर किए जा रहे प्रचार पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्ति उनका कोई रिश्तेदार नहीं है और उनके नाम को इस मामले से जोड़कर गलत जानकारी प्रसारित की जा रही है।
एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि उन्होंने स्वयं सागर पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी किसी का रिश्तेदार, नातेदार अथवा किसी राजनीतिक या सामाजिक प्रभाव से जुड़ा हो, कानून के सामने किसी के साथ रियायत नहीं होनी चाहिए।
शराब-सट्टे से परिवार के दूर रहने का दावा
मंत्री ने कहा कि सागर जिला उनके परिवार को भली-भांति जानता है और उनका पूरा परिवार शराब, सट्टा तथा जुआ जैसी गतिविधियों से हमेशा दूर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी भी कार्यकर्ता को ऐसी गतिविधियों में सहयोग या संरक्षण देने के पक्ष में नहीं हैं।
बोले- घटना पर राजनीति के बजाय सच्चाई सामने आए
मंत्री राजपूत ने अपील की कि दुख की इस घड़ी में घटना को राजनीतिक रंग देने के बजाय सच्चाई सामने लाने में सहयोग किया जाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना तथ्य किसी व्यक्ति या परिवार को बदनाम करने वाली जानकारी प्रसारित नहीं करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि घटना में जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं, यदि किसी निर्दोष व्यक्ति को बदनाम करने के लिए जानबूझकर भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।








