महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन…
शक्कर के बढ़ते दाम और पेट्रोल में ई-20 मिलावट का विरोध, जनता को राहत देने की मांग…
छिंदवाड़ा। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्र एवं मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता और मध्यम वर्ग आर्थिक रूप से परेशान है। कांग्रेस ने महंगाई पर रोक लगाने के लिए तत्काल प्रभावी निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन में विशेष रूप से शक्कर के बढ़ते दामों का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि त्योहारों से पहले शक्कर जैसी आवश्यक खाद्य सामग्री के दाम बढ़ाना आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। शक्कर महंगी होने से मिठाई सहित अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतें भी बढ़ रही हैं।
इसके अलावा पेट्रोल में ई-20 मिलावट को लेकर भी सवाल उठाए गए। ज्ञापन में कहा गया कि ई-20 के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों में खराबी आने तथा रखरखाव पर अतिरिक्त खर्च होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने के साथ ही ई-20 की मिलावट बंद करने की मांग की।
कांग्रेस ने राज्यपाल से जनहित में हस्तक्षेप करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार को महंगाई पर अंकुश लगाने और आम जनता को राहत देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने की मांग की है।








