Home CITY NEWS QR कोड स्कैन करते ही पहुंचेगी महापौर तक शहरवासियों की शिकायत

QR कोड स्कैन करते ही पहुंचेगी महापौर तक शहरवासियों की शिकायत

QR कोड स्कैन करते ही पहुंचेगी महापौर तक शहरवासियों की शिकायत
नगर निगम की नई पहल, सफाई, पानी, सड़क और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं पर होगी सीधी शिकायत

छिंदवाड़ा। शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर अब शहरवासियों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा ने ‘महापौर जन-शिकायत एवं स्वच्छता सर्वेक्षण’ अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत नागरिक QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन अपनी शिकायत एवं सुझाव सीधे नगर निगम प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
अभियान के माध्यम से वार्डों में सफाई, कचरा उठाव, नाली-नालों की सफाई, पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। शिकायतकर्ता मौके की तस्वीर भी ऑनलाइन फॉर्म के साथ अपलोड कर सकेगा, जिससे संबंधित विभाग को समस्या की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।
इन समस्याओं की होगी शिकायत
डोर-टू-डोर कचरा वाहन नहीं पहुंचने, सड़कों और क्षेत्रों की सफाई नहीं होने, नाली-नालों की सफाई, कचरा नहीं उठने, पेयजल की किल्लत, गंदा पानी, पाइपलाइन लीकेज, बंद स्ट्रीट लाइट, सड़क के गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़कों से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी।
समय-सीमा में निराकरण का दावा
नगर निगम के अनुसार ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण की व्यवस्था की गई है। महापौर विक्रम अहके ने शहरवासियों से अपील की है कि स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी निगम तक पहुंचाने के साथ शहर को स्वच्छ बनाए रखने में भी सहयोग करें।
इस अभियान की जागरूकता वेबसाइट और QR कोड की डिजाइन आदित्य पतिंगे द्वारा तैयार की गई है। नगर निगम ने अभियान को ‘मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ के संकल्प से जोड़ते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है।