Home Uncategorized भूमका घाटी में सात आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा और नकदी...

भूमका घाटी में सात आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा और नकदी बरामद..

भूमका घाटी में सात आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा और नकदी बरामद
अमरवाड़ा-कुंडीपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, उड़ीसा से उत्तर प्रदेश जा रहा था कंटेनर

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर मार्ग पर भूमका घाटी के पास अमरवाड़ा और कुंडीपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संदिग्ध कंटेनर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा और नकद रकम बरामद की है।


मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भूमका घाटी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोका। तलाशी के दौरान कंटेनर से गांजे की बड़ी खेप और नकदी मिलने पर पुलिस ने वाहन को जब्त कर सातों आरोपियों को हिरासत में लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है।


उड़ीसा से उत्तर प्रदेश जा रहा था कंटेनर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर उड़ीसा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस को इसके पीछे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लोड की गई थी और इसे उत्तर प्रदेश में कहां पहुंचाया जाना था।


गांजे की मात्रा और नकदी का आंकड़ा जांच में
पुलिस द्वारा बरामद गांजे की वास्तविक मात्रा और नकद रकम की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है। जब्त गांजे की तौल और नकदी की गिनती की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कंटेनर के दस्तावेजों के साथ आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। मामले में पुलिस जल्द ही विस्तृत जानकारी जारी कर सकती है।