Home POLITICAL कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभसंगठन की मजबूती...

कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभसंगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर एकजुटता का पदाधिकारियों ने लिया संकल्प

कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ
संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर एकजुटता का पदाधिकारियों ने लिया संकल्प

पटवारी बोले—जनता के मुद्दों पर संघर्ष ही कांग्रेस की ताकत, नकुलनाथ को पांच लाख वोट से जिताने का लक्ष्य

रिपोर्ट रामकुमार राजपूत

छिंदवाड़ा। नरसिंहपुर रोड स्थित अग्रवाल पैलेस लॉन में संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण में जिला कांग्रेस कमेटी छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना के विधानसभा प्रभारी, पर्यवेक्षक, ब्लॉक एवं उप ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के जिला अध्यक्ष, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य तथा विधायकगण शामिल हुए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ ने महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।


बूथ और मंडलम पर सबसे ज्यादा फोकस : नकुलनाथ
प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण में सभी प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, उप ब्लॉक अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष और मंडलम अध्यक्षों की शत-प्रतिशत उपस्थिति आवश्यक है। यह केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि कांग्रेस के मूल सिद्धांतों से जुड़ने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि मंडलम और क्षेत्रीय कमेटियों की शुरुआत छिंदवाड़ा से हुई थी। तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इसकी शुरुआत की थी, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में लागू किया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी की असली नींव बूथ और मंडलम हैं और कांग्रेस का सबसे ज्यादा फोकस इन्हीं स्तरों पर रहेगा।
नकुलनाथ ने युवाओं, किसानों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने कहा कि रोजगार के सवाल पर नौजवान आंदोलित हैं। किसानों को खाद, बीज और उपज का उचित मूल्य पाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों का असर आम परिवारों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने लाड़ली बहना योजना को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि योजना से जुड़े तथ्यों और नाम काटे जाने की जानकारी जनता के बीच लेकर जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में भूमि खरीदी-बिक्री और भूमि परिवर्तन का काम सत्ता एवं शासन के संरक्षण में हो रहा है।
मंदिर के चंदे से लेकर पेपर लीक तक भाजपा पर निशाना
नकुलनाथ ने भाजपा पर मंदिर के चंदे, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनहित के मुद्दों पर संगठित होकर संघर्ष करना होगा, तभी सार्थक परिणाम सामने आएंगे।


नकुलनाथ को पांच लाख वोट से जिताना है’ : जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिविर में सभी को संकल्प लेना है कि नकुलनाथ को पांच लाख वोट से विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए कांग्रेस को मजबूत करना होगा।
पटवारी ने भाजपा सरकार पर पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने, भ्रष्टाचार और चंदा चोरी के आरोपों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर राजनीति करने वाली पार्टी पर मंदिर के चंदे को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएं और सरकार से जवाब मांगें।
उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा कांग्रेस का मजबूत क्षेत्र है और यहां संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत किया जाना चाहिए।


कमलनाथ ने देश को संगठन और विकास का मॉडल दिया’ : हरीश चौधरी
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि वे पहली बार छिंदवाड़ा आए हैं, लेकिन कमलनाथ के नेतृत्व, दूरदर्शिता और संगठन को मजबूत करने की क्षमता से लंबे समय से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में संगठन मॉडल के साथ विकास और औद्योगिक मॉडल तैयार किया, जिसे देश के सामने उदाहरण के रूप में रखा जा सकता है।
उन्होंने कमलनाथ सरकार के 15 माह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान प्रशासनिक मॉडल तैयार कर उसे जमीनी स्तर पर लागू करने का प्रयास किया गया।
चौधरी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संवाद और मुखरता पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी बात रखने में पीछे रहते हैं, जबकि भाजपा के लोग लगातार बोलकर अपनी बात रखते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी जनता के मुद्दों पर मजबूती से बोलना और अपनी बात जनता तक पहुंचाना आवश्यक है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनहित के मुद्दों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।