Home CITY NEWS सीएम जन-विश्वास अभियान के प्रभावी निराकरण पर जोर..

सीएम जन-विश्वास अभियान के प्रभावी निराकरण पर जोर..

सीएम जन-विश्वास अभियान के प्रभावी निराकरण पर जोर

कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कहा- हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें

छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की शिकायतों के समयबद्ध निराकरण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण ने समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत निर्धारित रोस्टर के अनुसार जिले में अगला क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम शुक्रवार 14 अगस्त को तामिया विकासखंड के छिंदी में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा अधिक से अधिक प्रकरणों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम और ब्लॉक अधिकारियों को भी क्षेत्र में रहने के निर्देश

कलेक्टर ने कहा कि जिस प्रकार जिला स्तरीय अधिकारी अभियान के तहत क्षेत्र में पहुंचेंगे, उसी प्रकार सभी एसडीएम एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान को प्रभावी बनाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की होगी गंभीर समीक्षा

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को स्वयं देखें और शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान कराने की दिशा में गंभीरता से कार्रवाई करें। केवल शिकायत बंद करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लोक सेवा गारंटी के प्रकरण समय-सीमा में निपटाने के निर्देश

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों की भी विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में लोक सेवा गारंटी अधिनियम महत्वपूर्ण घटक है। नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक भी प्रकरण समय-सीमा के बाहर लंबित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों और अन्य समय-सीमा प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

इस दौरान जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय तथा मुख्यालय स्तर के अधिकारी सभाकक्ष में उपस्थित रहे, जबकि जिले के अन्य एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।