Home POLITICAL दतिया की जीत से कांग्रेस में नई जान, छिंदवाड़ा में जश्न का...

दतिया की जीत से कांग्रेस में नई जान, छिंदवाड़ा में जश्न का माहौल राजीव भवन में गूंजे जीत के नारे,

दतिया की जीत से कांग्रेस में नई जान, छिंदवाड़ा में जश्न का माहौल
राजीव भवन में गूंजे जीत के नारे, आतिशबाजी और मिठाई वितरण के साथ कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी

रिपोर्ट- रामकुमार राजपूत

छिंदवाड़ा। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत ने प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही छिंदवाड़ा के राजीव भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जश्न का माहौल बन गया। कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए तथा आतिशबाजी कर, मिठाइयां बांटकर और जीत के नारे लगाकर खुशी का इजहार किया।

विश्वनाथ ओक्टे

जिला कांग्रेस अध्यक्ष छिंदवाड़ा

जैसे ही दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत की आधिकारिक पुष्टि हुई, राजीव भवन परिसर “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद”, “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “दतिया तो सिर्फ शुरुआत है” जैसे नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने हाथों में कांग्रेस के झंडे लहराए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान आम नागरिकों को भी मिठाइयां वितरित की गईं।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि दतिया की जनता ने लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक विधानसभा सीट की जीत नहीं, बल्कि प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा, नए विश्वास और नए संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर अपना फैसला सुनाया है।


उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव के नतीजे यह संकेत देते हैं कि प्रदेश की राजनीति में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और कांग्रेस संगठन जनता के बीच पूरी मजबूती के साथ अपनी भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने जीत का जश्न मनाते हुए आगामी चुनावों में भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।