Home CRIME प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, प्रेमिका सहित चार आरोपी गिरफ्तार..

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, प्रेमिका सहित चार आरोपी गिरफ्तार..

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, प्रेमिका सहित चार आरोपी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा पुलिस ने 48 घंटे के भीतर किया अंधे हत्याकांड का खुलासा, नदी से मिला था शव

रिपोर्ट -रामकुमार राजपूत

बिछुआ/छिंदवाड़ा/ जिले के बिछुआ थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक का शव दांत फाड़िया नदी के स्टॉप डैम के पास पानी में मिला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया।


पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना बिछुआ पुलिस ने जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन शव मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की पुष्टि होने पर प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं।
8-10 वर्षों से चल रहा था प्रेम संबंध
जांच में सामने आया कि ग्राम पुलपुलडोह निवासी करीब 55 वर्षीय धुपदास रेरवारे का गांव की ही लगभग 50 वर्षीय महिला गीता से पिछले 8-10 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस संबंध का महिला के बेटे कृष्णकांत को विरोध था। परिवार और ग्रामीणों द्वारा कई बार समझाइश देने के बावजूद दोनों संबंध समाप्त करने को तैयार नहीं हुए।
लोहे की फूंकनी से किया हमला
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई की रात कृष्णकांत अपनी मां से मिलने घर पहुंचा, जहां उसने धुपदास को कमरे में सोते हुए देखा। गुस्से में आकर उसने लोहे की फूंकनी से धुपदास के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने दो साथियों की मदद से शव को चादर में लपेटकर मोटरसाइकिल से दांत फाड़िया नदी के स्टॉप डैम के पास ले जाकर पानी में फेंक दिया।
ये सामान हुआ जब्त
पल्सर मोटरसाइकिल
हत्या में प्रयुक्त लोहे की फूंकनी
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
गीता (प्रेमिका)
कृष्णकांत उर्फ थोरे बादशाह
अजय उर्फ अज्जू विश्वकर्मा
शकील खान
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच से हत्या की गुत्थी सुलझाई गई है।