Home CITY NEWS तामिया के आदिवासी स्कूलों में प्राचार्यों की मनमानी! बीईओ की समीक्षा बैठक...

तामिया के आदिवासी स्कूलों में प्राचार्यों की मनमानी! बीईओ की समीक्षा बैठक से भी रहे गायब, बच्चों के भविष्य पर सवाल..

सांकेतिक चित्र

तामिया के आदिवासी स्कूलों में प्राचार्यों की मनमानी! बीईओ की समीक्षा बैठक से भी रहे गायब, बच्चों के भविष्य पर सवाल..

कारण बताओ नोटिस जारी, 2 दिन में जवाब तलब; समय पर योजनाओं की समीक्षा नहीं होने पर जिला स्तर पर जताई गई नाराजगी.

तामिया/छिंदवाड़ा।
आदिवासी बहुल तामिया विकासखंड में शासकीय विद्यालयों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) तामिया द्वारा जारी 01 अगस्त 2026 के कारण बताओ सूचना पत्र से यह सामने आया है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लहगड़ुआ तथा हाईस्कूल माहुलझिर/खिरेटी के प्राचार्य विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहे।
बीईओ कार्यालय में आयोजित इस बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की 26 बिंदुओं पर समीक्षा की जानी थी। लेकिन संबंधित प्राचार्यों की अनुपस्थिति के कारण उनके विद्यालयों की समीक्षा नहीं हो सकी, जिससे जिला स्तर पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।
कारण बताओ नोटिस के अनुसार प्राचार्यों की अनुपस्थिति के चलते नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण, अपार आईडी, छात्रवृत्ति, सीएम हेल्पलाइन, एफएलएन, मासिक टेस्ट, निर्धारित कोर्स, पेयजल, शौचालय, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, त्रिकोत्सव, बेसलाइन एवं मिडलाइन टेस्ट तथा पर्यटन क्विज प्रतियोगिता सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत नहीं हो सकी।
बीईओ ने तीनों प्राचार्यों को दो दिवस के भीतर पूर्ण जानकारी सहित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एक वेतनवृद्धि रोकने का प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्यों की होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आदिवासी अंचल में पहले ही शिक्षा की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। यदि विद्यालय प्रमुख ही समीक्षा बैठकों और विभागीय निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेंगे तो शासन की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक समय पर नहीं पहुंचेगा और इसका सीधा असर आदिवासी बच्चों की शिक्षा पर पड़ेगा।
प्रश्न यह भी उठता है कि जब विभागीय अधिकारी द्वारा बुलाई गई अनिवार्य समीक्षा बैठक में ही विद्यालय प्रमुख अनुपस्थित रहें, तो विद्यालयों में शैक्षणिक अनुशासन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
नोट: यह खबर उपलब्ध कारण बताओ सूचना पत्र के आधार पर तैयार की गई है। संबंधित प्राचार्यों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जा सकता