Home CITY NEWS शिक्षा के मंदिर में चाकू की एंट्री! पालाखेड़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक...

शिक्षा के मंदिर में चाकू की एंट्री! पालाखेड़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों का विवाद पहुंचा हिंसा तक, एक छात्र के हाथ पर मिले चोट के निशान

शिक्षा के मंदिर में चाकू की एंट्री!
पालाखेड़ शासकीय स्कूल में छात्रों का विवाद पहुंचा हिंसा तक, एक छात्र के हाथ पर मिले चोट के निशान

स्कूल प्रबंधन और पुलिस जांच में जुटे, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
छिंदवाड़ा। मोहखेड़ विकासखंड के पालाखेड़ स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों के बीच हुआ विवाद गंभीर रूप लेता दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार कुछ छात्रों के बीच विवाद के दौरान चाकू जैसी धारदार वस्तु के स्कूल परिसर तक पहुंचने की बात सामने आई है। घटना के बाद विद्यालय में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।


बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक छात्र के हाथ पर चोट के निशान मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन सक्रिय हुआ और मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और स्कूल परिसर में धारदार वस्तु कैसे पहुंची।


छात्रों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय परिसर में इस तरह की घटना सामने आने के बाद छात्र सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों ने स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, छात्रों की नियमित निगरानी और समय-समय पर अनुशासन संबंधी गतिविधियां कराने की मांग की है।


जांच के बाद होगी कार्रवाई
स्कूल प्रबंधन और पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।