Home CITY NEWS 30 बैगा आदिवासियों की मौत को लेकर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर...

30 बैगा आदिवासियों की मौत को लेकर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला..

30 बैगा आदिवासियों की मौत को लेकर कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला
गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना, कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

छिंदवाड़ा। बालाघाट जिले में बैगा आदिवासी समाज के लोगों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ ने सोमवार को छिंदवाड़ा में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने इन मौतों के लिए प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्था की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामनारायण परतेती ने आरोप लगाया कि बीमार लोगों और बच्चों को समय पर समुचित उपचार नहीं मिलने के कारण स्थिति गंभीर हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अनुसार बीमारी की जानकारी संबंधित विभाग को पहले से होने के बावजूद पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार की व्यवस्था नहीं की गई।


प्रत्येक पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये देने की मांग
कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ ने मांग की कि प्रभावित प्रत्येक परिवार को एक-एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाए और परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी दी जाए। संगठन ने प्रभावित एवं संक्रमित लोगों को बेहतर और नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।


स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग
ज्ञापन में कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ ने मामले की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए स्वास्थ्य मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के इस्तीफे की मांग भी उठाई। संगठन ने प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने की मांग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण का विरोध किया।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आदिवासी और गरीब परिवारों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस मुद्दे पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, गोविंद राय, गुरूचरण खरे, सुरेश कपाले, धर्मेंद्र सोनू मागो, ब्रजकुमारी सरेयाम, हंसा अम्बर दाढ़े, मंजू बैस, पप्पू यादव, प्रबल सक्सेना, नवीन मरकाम, वीडी भारती, किशोर उइके, दशरथ उइके, शिवकुमार सिरसाम, दिलीप परतेती, दुर्गा सलामे, नरेश इवनाती, इन्द्रभान मर्सकोले, मनोज धुर्वे, अरूणा तिलंते, संजय परतेती, प्रकाश मेहरोलिया, फिरोज खान एवं अपेक्षा सूर्यवंशी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।