नशे के खिलाफ छिंदवाड़ा का रणभेरी!
कलेक्टर-एसपी ने संभाली कमान, पूरे जिले में दौड़ेंगे जागरूकता रथ; 15 दिन तक चलेगा ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ महाअभियान
स्थान/ दिनांक- छिंदवाड़ा 15/07/2026
रिपोर्ट- रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ छिंदवाड़ा जिले में बुधवार से एक बड़े जनजागरूकता अभियान का आगाज हुआ। “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत कलेक्टर हरेंद्र नारायन और पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कलेक्टर कार्यालय परिसर से जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही प्रशासन, पुलिस, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सहभागिता से निकली विशाल जागरूकता रैली ने शहर को नशामुक्ति का संदेश दिया।

प्रदेश शासन के निर्देश पर 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले के गांव-गांव और शहर-शहर में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, संवाद, शपथ, नुक्कड़ गतिविधियां और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। उद्देश्य है कि युवाओं को नशे से दूर रखा जाए और समाज में नशामुक्त वातावरण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाई जाए।

अभियान के शुभारंभ से पहले कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कलेक्टर हरेंद्र नारायन और एसपी अजय पाण्डेय ने अभियान की रूपरेखा साझा की तथा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के पोस्टर का विमोचन किया।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी से सफल होने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
छिंदवाड़ा कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने जिले की आम जनता से की अपील
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कहा कि जागरूकता के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने मीडिया और आमजन से अपील की कि नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना प्रशासन और पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
छिंदवाड़ा पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय आम जनता से की अपील
कार्यक्रम में एडीएम धीरेन्द्र सिंह, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

पंचायत समाचार दिशा की नजर
नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान तभी सफल होगा, जब समाज, परिवार, विद्यालय, प्रशासन और नागरिक मिलकर इसे जनआंदोलन बनाएंगे। प्रशासन ने इसकी शुरुआत कर दी है, अब इसे जनभागीदारी से आगे बढ़ाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
विशेष रिपोर्ट -रामकुमार राजपूत
मोबाइल-8989115284








