दतिया से भाजपा ने खेला नया दांव, आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार
नरोत्तम मिश्रा की दावेदारी पर लगा विराम, उपचुनाव में नए चेहरे पर पार्टी का भरोसा
भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। लंबे समय से पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन पार्टी ने उनकी जगह आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताकर सभी राजनीतिक चर्चाओं पर विराम लगा दिया।

भाजपा के इस फैसले को प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है। आशुतोष तिवारी संगठन से जुड़े पुराने कार्यकर्ता रहे हैं और पूर्व में मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दतिया उपचुनाव में मैदान में उतारकर नए राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश की है।
उम्मीदवार घोषित होने के बाद आशुतोष तिवारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे एक साधारण कार्यकर्ता हैं और संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। वहीं, नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद प्रदेश की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।








