सड़क पर पलटा पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर, डीजल लूटने उमड़ी लोगों की भीड़, कई बाइक चालक फिसलकर गिरे।
ब्रेक फेल होने से खिड़कीघाट में हुआ हादसा चालक-परिचालक घायल
फायर ब्रिगेड ने सड़क साफ कर बहाल कराया यातायात
कटंगी।
कटंगी-सिवनी मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार की सुबह खिड़कीघाट में पेट्रोल-डीजल से भरा एक टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर में भरा करीब 15 हजार लीटर डीजल सड़क पर बह गया, जबकि 5 हजार लीटर पेट्रोल सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार टैंकर जबलपुर डिपो से वारासिवनी के रूसिया पेट्रोल पंप के लिए रवाना हुआ था। खिड़कीघाट के घुमावदार मोड़ पर अचानक ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर पलट गया।

हादसे में चालक अशोक यादव को मामूली चोटें आईं, जबकि परिचालक बबलू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए कटंगी अस्पताल भेजा गया है।
जहाँ टैंकर पलटते ही डीजल सड़क पर बहने लगा।

इस दौरान कई लोग डिब्बे, कैन और बोतलें लेकर मौके पर पहुंच गए और जान जोखिम में डालकर बहते डीजल को भरने लगे। वहीं सड़क पर फैले डीजल के कारण कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर पड़े।
सूचना मिलते ही कटंगी और अरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात नियंत्रित किया। तो वही फायर ब्रिगेड ने सड़क की धुलाई कर चिकनाई हटाई गई, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। इधर पुलिस ने क्रेन की सहायता से टैंकर को हटाकर यातायात को बहाल किया गया।








