प्राथमिक शाला बोरपानी की शिक्षिका निलंबित, बच्चों से अभद्र व्यवहार और मध्यान्ह भोजन में अनियमितता के आरोप
छिंदवाड़ा, जनजातीय कार्य विभाग ने विकासखंड हर्रई अंतर्गत प्राथमिक शाला बोरपानी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती अंजना सर्वे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई ग्रामीणों द्वारा की गई सीएम हेल्पलाइन शिकायत और विभागीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद की गई।

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री सतेन्द्र सिंह मरकाम ने बताया कि जनपद शिक्षा केन्द्र हर्रई के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक की जांच रिपोर्ट के अनुसार शिक्षिका पर बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा विद्यालय में मध्यान्ह भोजन का समुचित संचालन नहीं कराने के आरोप पाए गए।
इन शिकायतों के आधार पर 2 मार्च 2026 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। विभाग ने इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के प्रावधानों के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन अवधि के दौरान शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बिछुआ निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार निलंबन भत्ता देय रहेगा।








