Home CITY NEWS भारिया जनजाति के मृतक कर्मचारियों के परिजनों ने लंबित एरियर्स भुगतान की...

भारिया जनजाति के मृतक कर्मचारियों के परिजनों ने लंबित एरियर्स भुगतान की मांग उठाई

भारिया जनजाति के मृतक कर्मचारियों के परिजनों ने लंबित एरियर्स भुगतान की मांग उठाई

छिंदवाड़ा, जनजातीय कार्य विभाग में कार्यरत रहे भारिया जनजाति के दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों ने लंबित एरियर्स एवं अन्य देय राशि का भुगतान कराने की मांग को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है।
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ चतुर्थ श्रेणी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संयोजक भुवनलाल मालवीय ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि विभाग में वर्षों तक सेवा देने वाले कई कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को आज तक पूर्ण वित्तीय लाभ नहीं मिल पाए हैं।
उन्होंने बताया कि सुखराम सिरसाम को 29 वर्ष की सेवा के बाद वर्ष 2016 में स्थायी कर्मचारी बनाया गया, लेकिन मात्र छह दिन बाद ही सेवानिवृत्त कर दिया गया। आरोप है कि उन्हें आज तक एरियर्स की राशि का भुगतान नहीं किया गया।
इसी प्रकार मृतक राजकुमार भारती के निधन के बाद उनकी नाबालिग पुत्री दिव्या भारती को मृत्यु अनुदान के रूप में 1.25 लाख रुपये के स्थान पर केवल 1.05 लाख रुपये दिए गए तथा वर्ष 2016 से 2018 तक का एरियर्स भी लंबित है।
मृतक कमल सिंह भारती के परिजनों का आरोप है कि वर्ष 2025 में मृत्यु के बाद उन्हें वर्ष 2019 से 2025 तक की पीएफ कटौती राशि का भुगतान नहीं किया गया तथा 1.25 लाख रुपये की जगह केवल 84 हजार रुपये का मृत्यु अनुदान दिया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार मृतक राजकुमार भारती एवं मोतीलाल भारती के परिजनों को भी वर्ष 2016 से 2019 तक के एरियर्स का भुगतान नहीं किया गया। वहीं मोतीलाल भारती के मामले में 1.25 लाख रुपये के स्थान पर केवल 1 लाख रुपये का मृत्यु अनुदान दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक केवल आंशिक भुगतान ही हुआ है। मंगलवार की जनसुनवाई में भी उन्होंने पुनः आवेदन देकर लंबित एरियर्स, शेष देय राशि का शीघ्र भुगतान, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा पात्र आश्रितों को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांग की।