छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा घोषित नई संगठनात्मक नियुक्तियों में छिंदवाड़ा जिले को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष द्वारा जारी सूची में पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता अनुसूइया उइके, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना को मिली स्थायी आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी मिली तथा श्रीमती ज्योति डेहरिया को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है।
इन नियुक्तियों पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी नेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने अनुभवी, समर्पित एवं जनाधार वाले नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान बढ़ाया है।
शेषराव यादव ने कहा कि अनुसूइया उइके का आदिवासी समाज में व्यापक प्रभाव और उनका लंबा राजनीतिक अनुभव संगठन के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। वहीं पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना का प्रशासनिक एवं राजनीतिक अनुभव पार्टी को नई दिशा प्रदान करेगा। श्रीमती ज्योति डेहरिया की सक्रिय जनसंपर्क शैली और संगठनात्मक क्षमता से भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को प्रदेश नेतृत्व ने सम्मान दिया है।

जिलाध्यक्ष ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनकी योग्यता, समर्पण तथा संगठन के प्रति निष्ठा के आधार पर दायित्व दिए जाते हैं। इन नियुक्तियों से छिंदवाड़ा जिले का राजनीतिक महत्व प्रदेश स्तर पर और बढ़ा है तथा संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए इसे छिंदवाड़ा जिले के लिए गौरव का क्षण बताया है।








