Home CITY NEWS गर्ल्स कॉलेज छात्रा निशा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, संदिग्ध युवक हिरासत में..

गर्ल्स कॉलेज छात्रा निशा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, संदिग्ध युवक हिरासत में..

गर्ल्स कॉलेज छात्रा निशा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, संदिग्ध युवक हिरासत में
छिंदवाड़ा। शहर के लालबाग क्षेत्र में हुई गर्ल्स कॉलेज की छात्रा निशा उइके की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। मामले में संलिप्तता के संदेह में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय निशा उइके मूल रूप से ग्राम खुटिया की निवासी थी और छिंदवाड़ा के गर्ल्स कॉलेज में अध्ययनरत थी। वह लालबाग क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ दिन पूर्व उसकी कमरे में गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिया गया युवक मृतका के संपर्क में था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है।
जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा के मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी आधार पर एक संदिग्ध युवक तक पहुंच बनाई गई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए कॉलेजों और छात्रावासों के आसपास निगरानी व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। साथ ही किराएदारों का पुलिस सत्यापन और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य किए जाने की मांग भी उठ रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आधिकारिक खुलासे का इंतजार किया जा रहा है।