Home CITY NEWS नीट री-एग्जाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, 8 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा...

नीट री-एग्जाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, 8 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था..!

नीट री-एग्जाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, 8 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा)। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट री-एग्जाम को लेकर छिंदवाड़ा जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा से एक दिन पूर्व पुलिस अधिकारियों ने शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि मई माह में आयोजित नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के चलते विवादों में रही थी, जिसके बाद संबंधित अभ्यर्थियों के लिए री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है। इस बार किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।
शहर में बनाए गए 8 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों एवं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा नियुक्त अधिकारियों के बीच बैठक कर परीक्षा संचालन से जुड़ी जिम्मेदारियों को स्पष्ट किया गया। साथ ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान अनुमत एवं प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची को अंतिम रूप दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने केंद्र अधीक्षकों (सेंटर सुपरिटेंडेंट) के साथ बैठक कर सुरक्षा प्रबंधन, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के लिए भी बैठने एवं प्रतीक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए राजपत्रित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। ये अधिकारी परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं संचालन पर लगातार नजर रखेंगे। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
8 केंद्रों पर होगी परीक्षा
शहर में बनाए गए 8 परीक्षा केंद्र
हर केंद्र पर पुलिस बल रहेगा तैनात
राजपत्रित अधिकारियों को सौंपी गई निगरानी की जिम्मेदारी
एनटीए और पुलिस अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक
अभिभावकों के लिए भी अलग प्रतीक्षा व्यवस्था
प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर जारी किए गए सख्त निर्देश