Home CITY NEWS रेत माफियाओं के आगे बेबस प्रशासन!दिन-दहाड़े हो रहा अवैध उत्खनन, जिम्मेदारों की...

रेत माफियाओं के आगे बेबस प्रशासन!दिन-दहाड़े हो रहा अवैध उत्खनन, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल.?

रेत माफियाओं के आगे बेबस प्रशासन!
दिन-दहाड़े हो रहा अवैध उत्खनन, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल

छिंदवाड़ा/चांद। जिले के चांद क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। नदी-नालों और खेतों से बड़ी मात्रा में रेत निकालकर भंडारण किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिन-रात जेसीबी और हाइवा मशीनों के जरिए अवैध खनन किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर खेतों को ही रेत के गोदाम में बदल दिया गया है। ट्रैक्टर और डंपरों के जरिए लगातार रेत का परिवहन हो रहा है, जिससे राजस्व को लाखों रुपये की चपत लग रही है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि खनिज विभाग, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन को अवैध उत्खनन की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर रेत माफियाओं को संरक्षण कौन दे रहा है?
अवैध खनन के कारण नदी-नालों का स्वरूप बिगड़ रहा है, भूजल स्तर प्रभावित हो रहा है और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। किसानों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों की हालत भी खराब हो चुकी है।
जनता पूछ रही सवाल
अवैध रेत के भंडारण पर कार्रवाई कब होगी?
जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कौन तय करेगा?
राजस्व को हो रहे नुकसान की भरपाई कौन करेगा?
रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
क्षेत्र में बढ़ते अवैध रेत कारोबार ने प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग रेत माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए कब तक प्रभावी कदम उठाते हैं।