Home CITY NEWS मेघासिवनी विवाद पर सियासत तेज: सांसद और कांग्रेस आमने-सामने, दोनों पक्षों ने...

मेघासिवनी विवाद पर सियासत तेज: सांसद और कांग्रेस आमने-सामने, दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप..

मेघासिवनी विवाद पर सियासत तेज: सांसद और कांग्रेस आमने-सामने, दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप
छिंदवाड़ा। मेघासिवनी क्षेत्र में हुए भूमि विवाद और मारपीट की घटना को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। एक ओर सांसद बंटी विवेक साहू ने कांग्रेस और उससे जुड़े संगठनों पर उनके खिलाफ षड्यंत्र रचने तथा उनकी छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस ने सांसद पर संरक्षण प्राप्त लोगों के माध्यम से भू-माफियाओं को बढ़ावा देने और मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं।
सांसद बंटी विवेक साहू ने जारी बयान में कहा कि वे लगातार जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं, जिससे राजनीतिक विरोधी असहज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई और उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। सांसद ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और भविष्य में भी यदि इस प्रकार की घटनाएं होती हैं तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे।

(विवेक बंटी साहू) छिंदवाड़ा पांढुर्णा सांसद

कांग्रेस पार्टी ने आदिवासी युवकों के साथ हुई मरपीट के खिलाफ ज्ञापन ..

दूसरी ओर, शहर कांग्रेस कमेटी ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मेघासिवनी विवाद की निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिले में भू-माफियाओं की गतिविधियां बढ़ी हैं तथा अनुसूचित जाति एवं आदिवासी वर्ग की जमीनों को लेकर विवाद सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने दावा किया कि विवाद में घायल पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।


कांग्रेस ने ज्ञापन में घायल परिवार को सुरक्षा, मुआवजा और आरोपित हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग भी की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपना सकती है।


वहीं सांसद पक्ष का कहना है कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए उनके खिलाफ निराधार आरोप लगा रही है और जनसेवा के कार्यों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी पक्ष के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है। ऐसे में दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोप फिलहाल जांच का विषय हैं।
(नोट: यह समाचार संबंधित पक्षों द्वारा जारी बयानों और ज्ञापनों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि शेष है।)