ब्रिक्स सम्मेलन में छिंदवाड़ा का जलवा, विदेशी मेहमानों को भाए जिले के जैविक उत्पाद
चिरौंजी, ब्लूबेरी और बॉम्बे ग्रीन आम की रही खास मांग
छिंदवाड़ा, (पंचायत दिशा समाचार)। इंदौर में आयोजित ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के दौरान लगे ग्रामीण जैविक हाट में छिंदवाड़ा जिले के जैविक उत्पादों ने देश-विदेश के प्रतिनिधियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। 20 देशों के प्रतिनिधियों और मंत्रियों की मौजूदगी में जिले के उत्पादों को मिली सराहना ने छिंदवाड़ा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।
ग्रैंड शेरेटन इंदौर में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के अंतर्गत ढक्कन वाला कुआँ परिसर में लगाए गए ग्रामीण जैविक हाट बाजार में छिंदवाड़ा की प्रदर्शनी “फॉरेस्ट एंड फार्म – फ्रूट्स एंड नट्स, छिंदवाड़ा डिस्ट्रिक्ट” विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। विदेशी प्रतिनिधियों ने यहां प्रदर्शित चिरौंजी, फ्रेश ब्लूबेरी, नवरत्न आटा और बॉम्बे ग्रीन आम की गुणवत्ता की जमकर सराहना की तथा बड़ी रुचि के साथ इन उत्पादों की खरीदारी भी की।
जिले के जैविक और रसायनमुक्त उत्पादों की मांग ने यह साबित कर दिया कि छिंदवाड़ा की कृषि और वन आधारित उपज अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी अलग पहचान बना रही है। सम्मेलन में पहुंचे विदेशी मेहमानों ने उत्पादों की गुणवत्ता, स्वाद और प्राकृतिक उत्पादन पद्धति की विशेष प्रशंसा की।
इस अवसर पर कृषि विभाग की ओर से उप संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह, उप परियोजना संचालक आत्मा प्राची कौतू सहित विभागीय टीम एवं जिले के प्रगतिशील जैविक कृषक राहुल कुमार वसूले उपस्थित रहे। उन्होंने विदेशी प्रतिनिधियों को छिंदवाड़ा जिले की जैविक खेती, प्राकृतिक कृषि पद्धतियों तथा स्थानीय उत्पादों की विशेषताओं की जानकारी दी।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ब्रिक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले के उत्पादों को मिली सराहना किसानों के लिए गौरव की बात है। इससे न केवल जैविक उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे बल्कि जिले के किसानों की आय बढ़ाने और जैविक खेती को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
छिंदवाड़ा के किसानों की मेहनत और कृषि विभाग के प्रयासों का यह परिणाम है कि आज जिले के जैविक उत्पाद अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की पहली पसंद बन रहे हैं।








