बकरीद के दौरान अवैध पशु क्रूरता की आशंका पर पुलिस की कार्रवाई, 17 गौवंश सुरक्षित
सिवनी। सिवनी पुलिस ने बकरीद के दौरान पशुओं के प्रति क्रूरता एवं अवैध गतिविधियों की आशंका पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया है। मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, धारदार हथियार एवं 27 हजार रुपए की नकद राशि भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग अवैध रूप से पशुओं को एकत्र कर उनसे संबंधित गैरकानूनी गतिविधियों की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान जटलापुर एवं जामुनपानी क्षेत्र के जंगलों से कुल 17 गौवंश बरामद किए गए, जिन्हें रस्सियों से बांधकर रखा गया था। पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराकर गौशाला भिजवाया।
मामले में 5 आरोपियों के विरुद्ध गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों एवं पशु क्रूरता के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
कृष्ण लालचंदानी, पुलिस अधीक्षक सिवनी








