छिंदवाड़ा का गौरव बढ़ाने वाले विनोद तिवारी को मिला राज्य स्तरीय जैव विविधता प्रथम पुरस्कार
आईआईएफएम भोपाल में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के हाथों हुआ सम्मान, मिले 3 लाख रुपए, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा) अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 22 मई 2026 के अवसर पर भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में छिंदवाड़ा जिले के पर्यावरण प्रेमी एवं जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय कार्य कर रहे विनोद कुमार तिवारी को वर्ष 2025 का राज्य स्तरीय जैव विविधता प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान मध्यप्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय जैव विविधता पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया, जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह तथा मध्यप्रदेश शासन के पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंच से मध्यप्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
छिंदवाड़ा जिले के लिए गौरव की बात यह रही कि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित पर्यावरण हितैषी विनोद कुमार तिवारी को व्यक्तिगत अशासकीय श्रेणी में वर्ष 2025 का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। अतिथियों ने उन्हें तीन लाख रुपए की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वीरेंद्र आर तिवारी, डॉ. के. रवि चंद्रन, डॉ. बी. बालाजी, सुदीप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सदस्य सचिव एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विनोद कुमार तिवारी को मिले इस सम्मान से छिंदवाड़ा जिले में खुशी का माहौल है। पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे कार्यों को प्रदेश स्तर पर मिली यह पहचान जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है।








