Home CITY NEWS लाखों खर्च, फिर भी बंद पड़ा शौचालय: हिवरखेड़ी पंचायत में भ्रष्टाचार की...

लाखों खर्च, फिर भी बंद पड़ा शौचालय: हिवरखेड़ी पंचायत में भ्रष्टाचार की बदबू, ग्रामीण खुले में शौच को मजबूर

लाखों खर्च, फिर भी बंद पड़ा शौचालय: हिवरखेड़ी पंचायत में भ्रष्टाचार की बदबू, ग्रामीण खुले में शौच को मजबूर

3.50 लाख की लागत से बना सामुदायिक शौचालय बना शो-पीस, पानी और रखरखाव के अभाव में खंडहर में तब्दील
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार):
जनपद पंचायत चौरई के अंतर्गत ग्राम पंचायत हिवरखेड़ी में सरकारी राशि के दुरुपयोग का एक और मामला सामने आया है। यहां वर्ष 2017-18 में करीब 3 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बना सामुदायिक शौचालय आज तक शुरू नहीं हो सका। हालात ऐसे हैं कि लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी यह शौचालय ग्रामीणों के किसी काम नहीं आ रहा, बल्कि अब यह खंडहर में तब्दील होता जा रहा है।


गांव के बाहर रिपटा के पास बनाए गए इस सामुदायिक शौचालय में पानी की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण यह हमेशा बंद रहता है। चारों ओर फैली गंदगी, उगी झाड़ियां और बदहाल स्थिति साफ दर्शाती है कि निर्माण के बाद इसकी देखरेख पूरी तरह नजरअंदाज कर दी गई।


ग्रामीणों की परेशानी: खुले में शौच को मजबूरी
शौचालय बंद होने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार और आश्रम मोड़ क्षेत्र में आने-जाने वाले लोग आज भी खुले में शौच करने को मजबूर हैं। इससे न सिर्फ गंदगी फैल रही है, बल्कि स्वच्छ भारत मिशन के दावों की भी पोल खुल रही है।
शिकायत के बाद भी नहीं कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार ब्लॉक अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की इस अनदेखी से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
हिवरखेडी और अन्य जगहों पर भी यही हाल
सिर्फ हिवरखेड़ी ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों की पंचायतो में भी सामुदायिक शौचालय वर्षों से बंद पड़े हैं। यह समस्या अब पूरे क्षेत्र में आम होती जा रही है।
जिम्मेदारों की सफाई
मामले में पंचायत प्रतिनिधि का कहना है कि यह निर्माण उनके कार्यकाल से पहले का है, लेकिन वे इसे जल्द चालू कराने की बात कर रहे हैं। वहीं अधिकारियों का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द शौचालय चालू नहीं हुआ और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि सरकारी पैसे की बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।