कलेक्टर श्री नारायन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र एवं जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न
छिन्दवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार )जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन द्वारा शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र एवं जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति, गत वर्ष के परीक्षा परिणाम, छात्रावासों के संचालन तथा मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।

शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति वृद्धि एवं शैक्षणिक सुधार पर विशेष जोर- कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में नियमित शिक्षण-अधिगम गतिविधियाँ संचालित की जाएं तथा शिक्षकों की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए तथा शैक्षणिक परिणामों में सुधार लाने के लिए सतत निगरानी रखी जाए।
छात्रावासों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें अधिकारी – जनजातीय क्षेत्रों के विद्यालयों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने छात्रावासों के सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र संयोजक एंव मंडल संयोजक सप्ताह में कम से कम दो बार छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। स्वच्छता, सुरक्षा, पोषण एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा आश्रम शालाओं एवं छात्रावासों में अध्ययन के अनुकूल वातावरण निर्मित किया जाए। शैक्षणिक परिणामों में सुधार हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।






