Home CITY NEWS भाजपा विधायक ने कृषि भूमि पर काट दी अवैध कॉलोनी…

भाजपा विधायक ने कृषि भूमि पर काट दी अवैध कॉलोनी…

भाजपा विधायक ने कृषि भूमि पर काट दी अवैध कॉलोनी

शासन के नियमों को दिखाया ठेंगा, व्यवसायिक दुकानें भी बनाई

छिन्दवाड़ा:- भाजपा की छत्रछाया में भू माफिया, रेत माफिया, सूदखोर व अवैध कारोबारी जमकर फलफूल रहे। कमीशन व घूसखोरी पर टिकी सरकार में केवल राजनीतिक द्वेष भावना से कार्रवाई की जा रही। अगर निष्पक्ष कार्रवाई होती तो अब तक भाजपा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह के खिलाफ अवैध कॉलोनी काटने का अपराध पंजीबद्ध किया जाता, किन्तु ऐसा नहीं होना भाजपा सरकार के दोगले चरित्र को उजागर करता है। यह बयान कांग्रेस एसटी प्रकोष्ठ के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक उइके ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में दिए हैं।

अशोक उइके ने आगे कहा कि भाजपा विधायक कमलेश शाह ने हर्रई में स्वयं की कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी एवं व्यवसायिक दुकानों का निर्माण किया। रेरा (रियल एस्टेट) विनियमन और विकास अधिनियम की अनुमति लिए बगैर कॉलोनी काट दी। इतना ही नहीं नियम विरुद्ध शासकीय योजना से कॉलोनी तक पक्की सड़के व नाली का निर्माण भी कराया। सम्पूर्ण मामले की जब तात्कालीन अनुविभागीय अधिकारी को शिकायत दी गई तो उन्होंने दबाव में आकर झूठी जानकारी दी, किन्तु पुन: शिकायत करने पर तात्कालीन तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि जिस भूमि पर कॉलोनी व दुकानों का निर्माण कराया गया है वह कमलेश प्रताप शाह वर्तमान भाजपा विधायक के नाम पर दर्ज है। श्री उइके ने भाजपा सरकार से प्रश्न किया है कि इस सम्पूर्ण मामले में विधायक कमलेश प्रताप शाह के खिलाफ कब कार्रवाई की जाएगी या फिर जिस तरह अन्य संगीन मामलों को दबाया जा रहा है वैसे ही इसे भी दबा दिया जाएगा।

अवैध कॉलोनी के नाम पर खूब हुई वसूली:-

श्री उइके ने आगे कहा कि जिला मुख्यालय सहित जिले भर में भाजपा व प्रशासनिक गठजोड़ ने अवैध कॉलोनी के नाम पर द्विवेष पूर्ण कार्रवाई करते हुए जमकर वसूली की है। जिन्होंने लिफाफा दिया वे बच गए और जिन्होंने नहीं दिया उनकी कॉलोनी पर बुल्डोजर चला दिया गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि भाजपा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह की अवैध कॉलोनी के खिलाफ कब कार्रवाई होगी।

243 दुकान व मकान का निर्माण:-

जारी प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस एसटी सेल के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक उइके ने कहा कि भाजपा विधायक कमलेश प्रताप शाह ने हर्रई में स्वयं की कृषि भूमि पर अवैध तरीके से कॉलोनी व व्यावसायिक दुकान निर्माण हेतु जमीन बेची है जिसका सम्पूर्ण ब्योरा इस प्रकार है। हर्रई के वार्ड क्रमांक 8 में 99 वार्ड क्रमांक 13 में 74, वार्ड क्रमांक 14 में 55 एवं 15 अन्य दुकान व मकान का निर्माण हुआ है इस प्रकार कुल 243 दुकान व मकान अवैध है। भाजपा के संरक्षण में विधायक श्री शाह अब सच बोलने व उनकी पोल खोलने वालों को डराने और धमकाने भी लगे हैं, किन्तु वह यह बात जान लें कि सच की आवाज को कोई दबा नहीं सकता। चेतावनी देते हुए अशोक उइके ने कहा कि भाजपा विधायक कमलेश शाह व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती माधवी शाह के द्वारा किए गए गबन, घोटाले व भ्रष्टाचार की यह श्रृंखला आगे भी सतत जारी रहेगी।